मुंबई (कमोडिटीज कंट्रोल) गुजरात की जीवनरेखा मानी जाने वाली नर्मदा नदी पर बने सरदार सरोवर बांध में पानी का स्तर 123.61 मीटर तक पहुंच गया है, जो पिछले पांच साल का रिकॉर्ड स्तर है और इससे राज्य के किसानों को चालू खरीफ बुवाई के मौसम में बड़ी राहत दे सकता है।
बांध के इस जलस्तर के साथ प्रदेश के उप मुख्यमंत्री नतिन पटेल ने बताया कि चालू खरीफ सीजन में सौराष्ट्र, कच्छ और उत्तरी गुजरात जैसे नर्मदा कमांड एरिया के किसानों के लिए 7 जून से नर्मदा का पानी मिलना शुरू हो जाएगा। इस फैसले से नर्मदा कमांड क्षेत्र में 14 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि को फायदा होगा।
इस इलाके में मुख्य रुप से कपास, मूंगफली, अरंडी और अन्य तिलहनी फसलों के अलावा अनाज और दलहन की खेती होती है।
पिछले साल 2019-20 में यहां कुल 86.77 लाख हेक्टेयर में खरीफ की बुआई हुई थी। जिसमें 26.68 लाख हेक्टेयर में कपास और 15.52 लाख हेक्टेयर में मूंगफली के अलावा 13.67 लाख हेक्टेयर में धान, बाजरा, ज्वार और मक्का सहित अनाज की फसलें थीं।