मुंबई (कमोडिटीज कंट्रोल) पिछले 4 दिन की एकतरफा तेजी के बाद आज मलेशिया में क्रूड पाम तेल वायदा करीब 2% की गिरावट के साथ निपटा। ग्लोबल मार्केट में सोया तेल में बिकवाली से कीमतों पर दबाव दिखा। लेकिन जुलाई में भंडार गिरने के अनुमान से गिरावट कम रही।
बुर्सा मलेशिया डेरिवेटिव पर क्रूड पाम तेल अक्टूबर वायदा 51 रिंगिट या 1.84% की गिरावट के साथ 2,717 रिंगिट प्रति टन पर बंद हुआ। कल इसमें 2.82% तक का उछाल दिखा था और भाव 10 फरवरी के बाद का ऊपरी स्तर छू लिया था।
दरअसल अमेरिका में सोयाबीन की अच्छी फसल और ब्राजील में रिकॉर्ड पैदावार की उम्मीदों के बीच ग्लोबल मार्केट में सोयाबीन और सोया तेल की कीमतों में तेज गिरावट आई है। ऐसे में फंडों मे सोयाबीन और सोया तेल के लॉन्ग सौदों से बाहर निकल गए हैं। ब्राजील में इस साल करीब 13.26 करोड़ टन के रिकॉर्ड सोयाबीन उत्पादन का अनुमान है।
इस बीच चीन के डलियन एक्सचेंज पर सोया तेल में 1.83% गिरावट के साथ कारोबार हुआ। जबकि पाम तेल का दाम 0.24% नीचे रहा। वहीं शिकागो बोर्ड ऑफ ट्रेड पर सोया तेल में 0.16% की कमजोर के साथ कारोबार हुआ।