मुंबई (कमोडिटीज कंट्रोल) मौसम में सुधार से देश में गेहूं समेत रबी फसलों के बुआई ने रफ्तार पकड़ लिया है। हालांकि अभी भी पिछले साल के मुकाबले बुआई करीब 9.3% पीछे है, एक हफ्ते पहले ये कमी 11.6% की थी। देश के कई इलाकों में इस महीने के शुरुआत तक बारिश से रबी फसलों की बुआई पीछे चल रही है। कृषि मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक 22 नवंबर तक देश में 251.04 लाख हेक्टेयर में रबी की बुआई हो सकी है। जबकि पिछले साल इस अवधि में 276.83 लाख हेक्टेयर में रबी की बुआई हुई थी।
इस दौरान गेहूं की खेती पिछले साल के 99.64 लाख हेक्टेयर से 2.87% गिरकर 96.77 लाख हेक्टेयर में हुई है। एक हफ्ते गेहूं की बुआई करीब 22% तक पीछे थी। वहीं दलहन की बुआई पिछले साल से 19% पीछे चल रही है।
22 नवंबर तक देश में 71.26 लाख हेक्टेयर में दलहन की बुआई हुई है। जबकि पिछले साल इस अवधि में 88.27 लाख हेक्टेयर में खेती हुई थी। इसमें चने की खेती में 22% गिरकर 48.35 लाख हेक्टेयर और मसूर की बुआई 17% गिरकर 8.44 लाख हेक्टेयर मं हुई है।
वहीं 22 नवंबर तक रबी तिलहन की बुआई 4% गिरकर 54.88 लाख हेक्टेयर में हुई है। इस दौरान 50.71 लाख हेक्टेयर में सरसों की बुआई हुई है, जो पिछले साल इस अवधि में 53.62 लाख हेक्टेयर थी।
वहीं मोटे अनाजों के खेती में 12.5% की गिरावट आई है। 22 नवंबर तक देश में 21.33 लाख हेक्टेयर में मोटे अनाजों के खेती हुई है। जबकि पिछले साल इस अवधि में 24 लाख हेक्टेयर में खेती हुई थी। जिसमें ज्वार की खेती करीब 7% गिरकर 14.28 लाख हेक्टेयर में हुई है। हालांकि इस दौरान जौ की बुआई पिछले साल से करीब 1.25% बढ़कर 3.23 लाख हेक्टेयर मं हुई है।