मुंबई (कमोडिटीज कंट्रोल) महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश समेत दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में इस पूरे हफ्ते बारिश जारी रहने का अनुमान है।
मौसम की जानकारी देने वाली कंपनी स्काईमेट के मुताबिक मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ के कुछ हिस्सों में आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद 23 अक्टूबर को भी है। जबकि विदर्भ और कोंकण गोवा में इस दौरान हल्की बारिश हो सकती है। दक्षिणी कोंकण व गोवा और दक्षिणी मध्य महाराष्ट्र में 24 अक्टूबर को भी छिटपुट बारिश जारी रह सकती है।
मध्य प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी भागों में 23 अक्टूबर तक छिटपुट जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आज छिटपुट वर्षा जारी रहने की संभावना है। राज्य में 23 और 24 अक्टूबर को बारिश बढ़ जाएगी और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा ओडिशा में भी अच्छी बारिश का अनुमान है।
स्काईमेट के मुताबिक केरल और कर्नाटक में 23 अक्टूबर तक भारी बारिश होने की संभावना है। 24 और 25 अक्टूबर को कर्नाटक में बारिश और तेज़ हो जाएगी। राज्य के कुछ इलाकों में बाढ़ जैसे भी हालात बन सकते हैं। हालांकि तबतक केरल में बारिश कम हो जाएगी। लेकिन 26 और 27 अक्टूबर तक कर्नाटक और केरल के कुछ हिस्सों में फिर से हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की उम्मीद है।
वहीं आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। रायलसीमा और आंतरिक तमिलनाडु में आज से हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय तमिलनाडु में छिटपुट बारिश की संभावना है। कल से तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा की वर्षा में वृद्धि हो सकती है। 24-25 अक्टूबर को तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में एक या दो मध्यम के साथ हल्की बारिश होने की आशंका है।