मुंबई (कमोडिटीज कंट्रोल) महाराष्ट्र राज्य कृषि विभाग ने इस साल उत्तरी महाराष्ट्र में 22 लाख हेक्टेयर में खरीफ की खेती होने की उम्मीद जताई है। इस इलाके में राज्य के 4 जिले नासिक, धुले, जलगांव और नंदुरबार आते हैं।
पिछले साल राज्य सरकार को इस इलाके में 22.49 लाख हेक्टेयर में खरीफ फसलों की खेती की उम्मीद थी। लेकिन वास्तव में महज 21.02 लाख हेक्टेयर में ही यहां खेती हो सकी।
राज्य कृषि विभाग के सूत्रों के मुताबिक इस बार यहां 8.98 लाख हेक्टेयर में धान, मक्का, बाजरा और ज्वार की खेती की उम्मीद है। जबकि तुअर, मूंग और उड़द जैसी दलहनी फसलों की खेती 1.62 लाख हेक्टेयर में होने की उम्मीद है। वहीं 1.92 लाख हेक्टेयर में सोयाबीन और मूंगफली की खेती हो सकती है।
इस पूरे इलाके में होने वाली खरीफ की फसलों में 41% कपास की हिस्सेदारी है। लिहाजा कृषि विभाग को यहां 9.13 लाख हेक्टेयर में कपास की खेती की उम्मीद है। पिछले साल यहां 8.97 लाख हेक्टेयर में कपास की खेती हुई थी।