मुंबई (कमोडिटीज कंट्रोल) इस साल अच्छी बारिश से राजस्थान में चने की बुआई 61% बढ़ गई है। देश में खरीफ दलहन की फसल को भारी नुकसान से आगे चने के भाव में तेजी की उम्मीद है। ऐसे में किसानों का फोकस चने पर बढ़ा है।
राज्य के कृषि विभाग के मुताबिक यहां 6 नवंबर तक करीब 8.31 लाख हेक्टेयर में चने की खेती हो चुकी है। जबकि पिछले साल इस अवधि में 5.16 लाख हेक्यर में चने की खेती हुई थी।
राजस्थान सरकार ने इस साल 15.5 लाख हेक्टेयर में चने की खेती का लक्ष्य तय किया है। जिसमें से 53.61% इलाके में बुआई हो चुकी है।
पिछले साल राजस्थान में कुल 15.97 लाख हेक्टेयर में चने की खेती हुई थी। साथ ही पिछले 5 साल में यहां चने का औसत रकबा 14.48 लाख हेक्टेयर रहा है।
आपको बता दें मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बाद राजस्थान देश का तीसरा सबसे बड़ा चना उत्पादक राज्य है। भारत का करीब 15% चना राजस्थान में पैदा होता है। वहीं भारत दुनिया का सबसे बड़ा चना उत्पादक देश है, चने के ग्लोबल प्रोडक्शन में भारत की हिस्सेदारी करीब 70% की है।