मुंबई (कमोडिटीज कंट्रोल) मौसम की जानकारी देने वाली कंपनी स्काईमेट ने कहा है कि, "अरब सागर में एक चक्रवाती तूफ़ान बन रहा है जिसे इस महीने के अंत तक और मजबूत होने की उम्मीद है"। स्काईमेट का मानना है कि अगर यह तूफ़ान का शक्ल लेता है तो इसका नाम 'कायर' रखा जाएगा।
इस समय यह सिस्टम भारतीय तट से दूर पूर्व-मध्य अरब सागर में एक निम्न दबाव क्षेत्र के रूप में देखा जा रहा है। इसके अगले 24 घंटों में अच्छी तरह से निम्न दबाव का क्षेत्र और उसके 24 घंटों बाद डिप्रेशन के रूप में आगे बढ़ने की संभावना है।
मौसमी मॉडल के अनुसार, यह मौसम प्रणाली शुरू में यानि 24 अक्टूबर तक उत्तर-उत्तर-पूर्वी दिशा में आगे बढ़ेगा। इसके बाद इसे पश्चिम-उत्तर में आगे बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि तूफान बनने के बाद ये यमन या ओमान तट की ओर बढ़ेगा या गुजरात-महाराष्ट्र तट की ओर आएगा, फिलहाल ये बताना मुश्किल है।