मुंबई (कमोडिटीज कंट्रोल) भारत में मांग गिरने की चिंताओं के बीच मलेशियाई पाम तेल वायदा लगातार पांचवे दिन गिरावट के साथ बंद हुआ। इसके साथ ही इस हफ्ते इसमें करीब 9% की गिरावट दर्ज हुई। जो सितंबर 2012 के बाद की सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट है।
बुर्सा मलेशिया डेरिवेटिव्स (BMD) पर क्रू़ड पाम तेल अप्रैल वायदा 43 रिंगिट की तेज गिरावट के साथ 2,843 रिंगिट प्रति टन पर निपटा। कारोबार के दौरान इसकी चाल 2,902-2,816 रिंगिट के दायरे में रही।
गौरतलब है कि भारत ने घरेलू इंडस्ट्रीज को सपोर्ट के लिए रिफाइंड पाम तेल के इंपोर्ट पर प्रतिबंध लगा दिया है। वहीं मार्केट में इस हफ्ते ये भी चर्चा थी कि सरकार मे मलेशिया से सौदे न करने की अनौपचारिक एडवायजरी दी है। ऐसे में घरेलू खरीदार मलेशिया से सौदे करने से बचते दिखे। हालांकि कल केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने साफ कर दिया कि सरकार देश विशेष पर रोक नहीं लगाएगी। भारत की ट्रेड पॉलिसी दुनिया के सभी देशों के लिए समान है।
गौर करने वाली बात ये है कि भारत सरकार की इस सफाई के बावजूद आज मलेशियाई पाम तेल में गिरावट जारी रही।